29 मार्च, 2014

तेरी उम्मीद तेरा इंतजार....

मूल कहानीकार : डॉ. प्रकाश अमरावत
अनुवाद : डॉ. नीरज दइया
------------

बीकानेर के डूंगर कॉलेज में राजस्थानी स्नातकोत्तर विभाग की अध्यक्ष डॉ. प्रकाश अमरावत कहानीकार के रूप में अपनी पहचान रखती हैं, वही शोध-संपादन के क्षेत्र में “आजादी री अलख” और “शक्ति लीला सागर” कृतियां उल्लेखनीय कही गई हैं। साहित्य अकादेमी नई दिल्ली द्वारा नवोदय योजना के अंतर्गत राजस्थानी कहानी संग्रह “हियै रा हरफ” प्रकाशित। आपकी कहानियों में हमारे लोक-जीवन में सांस्कृतिक मूल्यों की अभिव्यक्ति हुई है। प्रस्तुत कहानी में स्त्री के धैर्य, स्वयं को समायोजिय कर लेने के पारंपरारिक विकल्प की सांकेतिक प्रस्तुति मिलती है।


------------

दफ्तर से सीधे आज मैं मेरे सहकर्मी के घर गया। वह काफी दिनों से वह रट लगाए था कि एक दिन मैं उसके साथ घर चलूं। आखिर आज मन बना ही लिया। दफ्तर से छूटते ही उसके संग हो लिया वर्ना रास्ता ढूंढ़ने में काफी झंझट होता। वह घर पहुंचते ही पहले सीधा भीतर गया और ड्राईंगरूम का दरवाजा खोला। मुझे अंदर आने का संकेत किया तो मैं अंदर पहुंचा और कमरे में इधर-उधर ऊपर-नीचे देखा। शानदार सजावट से लकदक, दीवारों पर लगी तश्वीेरों में लोक-जीवन, पारंपारिक संस्कारों की छवियों के साथ आधुनिकता के मनोहर चित्र सजे थे। पेंटिंग देखकर लगता नहीं था कि ये घर पर ही बनाई गई है, यह तो मेरे पूछने से रहस्य उद्धाटित हुआ वर्ना मेरा अंदाजा कुछ और ही रहता। मैं काफी समय तक उन कला-कृतियों को निहारता रहा। एक कला-कृति पर मेरी नजर जैसे ठहर-सी गई। यह किसने बनाई होगी, क्या इस दृश्य के पीछे कोई कहानी है, क्या शीर्षक हो सकता है... इन सब बातों में खोया मैं उसको देखता रहा। बेहद सहज, स्वभाविक और बोधगम्य। परंतु कितना दर्द संजोये थी वह कलाकृति... उसमें चहरे के भावों में दर्द देख रहा था... हल्के रंगों में भावों की गहराई मुखरित हो रही थी। इसे किसने बनाया होगा ? मेरा सहकर्मी दोस्त चाय-नाश्ते को लिए भीतर आया। टेबल पर ट्रे रखते हुए बोला- "इतनी देर से क्या सोचने में लगे थे... चलो थोड़ा नाश्ता कर लो।"
- "हूं... क्या कहा आपने?" मैं तंद्रा से बाहर आया।
वह बोला- "किस सोच में खो गए....?"
मैंने अपना सवाल दाग दिया- "यह पेंटिंग किसने बनाई है ? मैं तो इसे देखने में ही खो गया... कितना गहरा दर्द छुपा है इसमें। इसको देखकर तो कोई कहानी लिखी जा सकती है।" मेरे इतना कहने पर भी जब कोई जबाब नहीं आया तो मैंने उसके चेहरे पर गौर किया कि उसकी आंखें भर आईं थी। मैंने उसका हाथ अपने हाथ में लेते हुए कहा- "क्या हुआ... मैंने तो बस इस तश्वी.र के बारे में कह रहा था...."
वह रुंआसे स्वर में बोला- "यह तश्वी.र भी किसी के जीवन का सच है.. बस और क्या कहूं।" यह तो मैंने भी सोचा था कि इसमें कोई गहरा सच छुपा है पर किसका, मैंने पूछा- "किसके जीवन का सच है और तुम्हारी आंखें नम क्यों हो गई ? बोलो यह किसके जीवन का सच है..."
- "यह मेरी भाभी के जीवन का सच है।"
- "क्या.... !"
- "हां... यार। मैं सच कह रहा हूं। यह दस वर्ष पुराना किस्सा है जब मेरे भाई का विवाह हुआ था। घर में लक्ष्मी जैसी भाभी के आते ही भैया की बैंक में नौकरी लग गई। उनके जीवन में खुशियां ही खुशियां थी और यह देख कर हम सब खुश थे... मां, पिताजी, मेरी बहनें और मैं.....। भाभी ने तो जैसे आते ही पूरे घर का काम-काज संभाल लिया था। समय गुजरता गया और ऐसी संस्कारवार गुणवान बहू पा कर मां-पिताजी निश्चिंत हो गए। मैं बड़े आनंद में था, चाचा जो बनने वाला था। घर में हंसी-खुशी के साथ मजाक मस्ती का माहौल था।"  
एक दिन न जाने वह कौनसी सांझ थी कि भाई साहब बैंक से आए चाय पीने के बाद बोले- “मां मेरे सभी दोस्त सपत्नीक घूमने जा रहे हैं.... जिनकी शादी हुए साल-दो साल हुए उनकी यह विशेष मंडली है। तुम कहो तो तुम्हारी बहू और मैं भी घुमने साथ-साथ चले जाते हैं।”
मां ने समझाया- “बेटा ! बहू ऐसी हालत में कैसे जा सकती है ? कहीं कोई बात हो गई तो लोग कहेंगे- सास की मति मारी गई थी जो ऐसी हालत में बहू को भटकने भेज दिया।”
भाई ने कहा- “मां ! तुम भी किस जमाने की बात लेकर बैठ गई हो। अब तो कदम-कदम पर अस्पताल है और हर जगह साधन-सुविधाएं है.. फिर हम क्या कोई गांव-ढाणियों में थोड़े ही जा रहे हैं ?”
“नहीं बेटा ! मेरा मन नहीं मानता .... मैं बहू को ऐसी हालत में नहीं भेज सकती। तुझे जाना है तो तू जा” और मां के इतना कहने पर घर में किसी की क्या हिम्मत थी। सन्नाटा छा गया तो भाभी ने ही कहा- “आप मन क्यों छोटा करते हैं.. इस बार अकेले अपने साथियों के संग घूम आओ... अगली बार सभी साथ चलेंगे।” ऐसा कहते हुए भाभी ने अपने पेट की तरफ संकेत किया तो भाई साहब के चेहरे की मघुर मुस्कान किसी भी छुप नहीं सकी।
- “पंद्राह दिन लग ही जाएंगे, इसी रविवार को रवाना होना है और पंद्रहवें दिन वापस आ जाऊंगा। ऐसा कहने वाले भाई साहब अपने पंद्राह-बीस दोस्तों के संग उत्तरी भारत के बर्फीले टीलों की सैर के लिए रवाना तो हो गया पर... आज तक नहीं लौटे।”
- “क्यों... क्या हुआ ?”
- “ उनके साथियों से पता चला कि वे साथ थे पर न जाने कहां से रास्ता भटक गए... और लौटे ही नहीं। नजरों से दूर गए किसी की खबर आती है पर उसकी खबर का क्या जो कह कर गया हो कि मेरा इंतजार करना....!!
- “तुम्हारी भाभी...?”
- “उन्होंने समय के साथ समझौता कर लिया है। पास के स्कूल में पढ़ाने जाती हैं और कभी ऐसी पेंटिंग में मन रमाते हुए किसी उम्मीद इंतजार में अब भी वैसी ही हैं... वह जो उस वक्त पेट में था आज दस बरस का होने को आया है.... क्या करें.. ।”
मेरी नजर टेबल पर गई जहां चाय ठंडे पानी जैसी हो चुकी थी। मेरे भीतर स्वर-लहरी की गूंज मैंने महसूस की... कोई बरफीलां धोरां सूं आवै संदेश / जी श्यामा प्यारी ऐ.../ मूमल चालै तो ले चालूं....।
उस कलाकृति को फिर से देख कर भीतर देखने की कोशिश की.... तेरी उम्मीद तेरा इंतजार से बेहतर उस पेंटिंग का नाम मुझसे सोचा नहीं जा सकता था।                                                      
(मूल शीर्षक : उडीक)


02 फ़रवरी, 2014

कोई आवाज सुनाई दी है

राजस्थानी कहानी :  भंवरलाल ‘भ्रमर’
अनुवाद : डॉ. नीरज दइया


“क्या लाऊं सरजी ?”
“एक कप चाय और एक कैवेंडर सिगरेट।”
    नजर चारों तरफ दौड़ाते हुए सरजी ने सिगरेट-कश खींच कर घुंए से गोल-गोल चक्कर बनाने लगे। वह घुंए के बादलों में खो गए। उन्हें स्कूल की बातें याद आने लगी। ओफ्फ यह भी कोई नौकरी है ? रोजना लड़ाई-झगड़ा। कभी टाइम-टेबल का झगड़ा तो कभी ट्यूशन का और कभी परीक्षा का। हेडमास्टर भी साला खुद को खुदा समझता है।
    पिछले तीन-चार दिन रो रोज सिर खाता है कि रिजल्ट सुधारिए.. रिजल्ट सुधारिए। यह क्या मेरे बस की बात है ! लड़कों को पूरा क भी नहीं आता लेकिन आदेश दे देते हैं रिजल्ट अच्छा रहना चाहिए। वे कुछ न कुछ लिखेंगे तभी यह होगा। मैं खाली कापी में तो नम्बर देने से रहा। ऐसे तो देश गर्त में जा रहा है और रसातल में चला जाएगा।
    हुंह ! टारगेट प्रतिशत वाली बात भी सिरदर्दी है। मास्टरों को बांध देते हैं कि इतना तो परिणाम रहना ही चाहिए। नहीं तो वेतन-वृद्धि बंद। तब हमें भी जबरदस्ती नम्बर बढ़ा कर पास करना पड़ता है लड़कों को।
    हेडमास्टर भी कहता है- “सभी का भला हो ऐसा काम ही करना चाहिए, बच्चों का परिणाम अच्छा तो बच्चे खुश और उनके मां-बाप भी खुश। हेडमास्टर खुश और इस्पैक्टर खुश मतलब सभी खुश। हमारा क्या ? नहीं पढ़ते अगर बच्चे तो उनका दुर्भाग्य।
    बुद्धि निकल गई है साले की, कहता है कि हमारा क्या लिया ? नहीं पढ़ते अगर बच्चे तो उनका दुर्भाग्य। अरे उनका कैसा दुर्भाग्य ? दुर्भाग्य तो इस देश का है जिसमें ऐसे मास्टर और ऐसे हेडमास्टर हैं।
    मैंने तो जालिम को साफ कह दिया कि मैं कापियों में अंक-वृद्धि नहीं करूंगा। लेकिन आज सभी साथियों के कहने से एक के दस और दो के बीस करने पड़े, रिजल्ट जो सुधारना था। आपसदारी में साथ वालों का तो कहना मानना ही पड़ता है।
    परिणाम सुन कर सभी लड़के हंस रहे थे। हेडमास्टर और स्टाफ भी खुश नजर आ रहा था। परीक्षा-परिणाम सुनने आए अभिभावक भी खुश थे। देखिए परिणाम कितना अच्छा रहा। यहां के मास्टर मेहनती हैं। परंतु मेरा तो कलेजा जल रहा था। घायल की गति घायल जाने, दूसरे किसी को क्या समझ। इस प्रकार जबरदस्ती पास हुए लड़के आगे चलकर देश का क्या भला करेंगे ? यदि यही सब कुछ चलता रहा तो इस देश को फिर से गुलाम होना पड़ सकता है।
    इन बच्चों को जबरदस्ती पास करवा कर उनके साथ भी अन्याय करवाया गया है। स्कूल प्रशासन ने उनकी जिंदगियां बर्बाद की है। इससे बढ़ कर और क्या अपराध हो सकता है ?
    “सर ! चाय लिजिए....।” आवाज सुनकर वह चौंका। चाय की चुस्कियां लेते हुए उसने चारों तरफ गौर किया। पास ही दो-तीन आदमी ऊन की कूटाई वाले आए हुए थे और चाय पी रहे थे। वे आपसी बातों में मशगूल थे। इस कहानी के कथा-नायक सरजी का ध्यान उनकी तरफ चला गया।
“यार तूने वह वूलन मील वाली नौकरी छोड़ कर भूल ही कर दी। वहां मशीनों पर आराम का काम था। अब हाथ में कामड़ी लिए दिनभर माथा-फोड़ी करनी पड़ती है। बंधी-बंधाई नौकरी की कोई होड थोड़े ही होती है।”
    उसने गर्वोन्नत जबाब दिया, “दोस्त मैं दबता क्यों रहूं ? मैनेजर का बच्चा कोई मुझे उधार तोलता है क्या ? पगार फ्री की तो देता नहीं.... बिना काम की गालियां किस बात की सुनता ? मेहनत कर कमता-खाता हूं। हाथ में काम हो तो काम की किसे कमी ? लोग पीछे भाग भाग कर काम करवाते हैं। अब ऊन कूट के कमाई करता हूं तो किसी की सुननी तो नहीं पड़ती ना ?” यह कह कर वह रुक गया। उसका चेहरा गुस्से से लाल हो गया था और कानों के पास की नशे तन हुई थी।
    वह आगे बोला, “मैं मेरे हिसाब से जितनी ऊन तोलवाता हूं उतनी कूट कर दे देता हूं। वह यदि गड़बड करेगा या अक्कड़ दिखाएगा तो दूसरे बहुतेरे काम है। काम में सुनना किस बात का। यह तो मैं आठवीं पास हूं। यदि बी.ए. पास होता तो भी क्या हुआ ? इज्जत गिरवी रख कर मैं काम नहीं कर सकता। भला... आत्मा को कोई बेचा जा सकता है।”   
    इन बातों के हवाले मास्टर ने सोचा कि यह एक मजदूर आदमी है, पर कितना स्वाभिमानी है ! कितनी सच्ची बात कहता है। इसे नौकरी की कोई परवाह ही नहीं.. और एक मैं हूं जो जान-बूझ कर भी इतना अधीन हो गया। जैसे समझदारी में रेत गिर गई।
    फिर मन ही मन विचार किया कि यदि मैं नौकरी छोड़ देता तो करता क्या ? मेरे घर तो खाने-पीने का संकट हो जाएगा। इन हाथों को कोई काम करना ही नहीं आता। और अगर थोड़ा कुछ आता भी है तो अब कैसे करूंगा ? मास्टर हूं मैं तो... अच्छा लगेगा क्या ? मन ही मन मुस्कुरा कर वह उठ गए और चाय-सिगरेट के पैसे चुका कर बाहर निकल गए।
००००
राजस्थानी भाषा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी द्वारा ‘सातूं सुख’ कहानी संग्रह के लिए पुरस्कृत भंवरलाल ‘भ्रमर’ का जन्म 22 अक्टूबर, 1946 को बीकानेर में हुआ। आप राजस्थानी नई कहानी के प्रमुख काहनीकारों में से एक हैं, साथ ही राजस्थानी भाषा में कहानी केंद्रित पहली पत्रिका ‘मरवण’ के संपादक भी रहे हैं। आपके तीन मौलिक कहानी संग्रह, एक लघुकथा संग्रह, एक संपादित कहानी संग्रह और एक उपन्यस प्रकाशित हैं। 

29 दिसंबर, 2013

बेटी के नए जूते

मूल कहानी - मोहन आलोक 
अनुवाद- नीरज दइया
    ‘पापा, आज तो आप की छुट्टी है। मेरे जूते ला दो ना। धूप में पैर जलते है।’ लड़की ने इसे लय के साथ इस प्रकार कहा जैसे कोई लोरी गा रही हो, और उसके सामने आकर खड़ी हो गई।
    आज वास्तव में उस की छुट्टी थी। महीने का दूसरा शनिवार। इस दिन छुट्टी इसलिए होती है कि नौकरी-पेशा आदमी आराम से बाजार जा सके और महीने भर का सौदा-सुल्फ खरीद सके।
    ‘हां बेटी, आज तुमको जूते जरूर दिला दूंगा। आज मेरी छुट्टी भी है। तू ऐसा कर कि तैयार हो जा। मेरे साथ अभी चल चलना, सुंदर देखकर पसंद करना और अपनी नाप के पहन लेना। क्यों, ठीक है ना ?’
    आज उस के मुंह से इस प्रकार दुलार-प्यार बरसता देख कर उसकी पत्नी को बहुत आश्चर्य हुआ। आंगन में झाड़ू लगाते लगाते वह अपनी कमर सीधी करती बोली- ‘आज न जाने किधर से सूर्योदय हुआ है रे छोरी। तेरा तो भाग्य जाग उठा। अच्छे से छांट के पसंद के लेना।’ और मन ही मन सोचने लगी कि चलो छोरी की रोज-रोज की एक झिक-झिक तो बंद होगी।
    पिछले तीन महीनों से लड़की अपने जूतों के लिए बार-बार कह रही थी। उस की मां बार बार कहते कहते थक गई- ‘छोरी बेचारी नंगे पैर जाती है, बेटी के पिता हो कुछ तो दया करो! इसे कोई मंहगे-सस्ते कोई भी जूते या चप्पल तो दिला दो। आप जाकर नहीं दिला सकते तो मुझे रुपये दो मैं दिलाकर लाती हूं।’
    पर वह इस बात को आगे से आगे पर टालता रहा। आज नहीं कल। कहता- ‘लाऊंगा, लाऊंगा... कल जरूर लेता आऊंगा।’ हमेशा उसका यही जबाब होता। कभी-कभी तो कहता- ‘आओ रे बच्चो! आज तुम सब नाप दे दो... आज लौटते हुए अच्छी सी चप्पले लेते आऊंगा।’ नाप लिखा वह कागज आठ-दस दिन तो उसकी जेब में रहता बाद में कहीं गुम हो जाता।
    और बच्चों का गीत बना रहता-
    ‘पापा मेरे जूते लाए?’
    ‘मेरी चप्पल।’
    ‘मेरी जूतियां।’
    शाम को घर पहुंचने पर तीनों बच्चे एक साथ उस को घेर लेते। बाद में साइकिल की टोकरी में देखते, पर वहां कुछ नहीं मिलता। बच्चों का हर रोज इस तरह टोकरी की तरफ दौड़ते आना अर फिर मुंह लटका कर बैठ जाना.... ऐसी बात नहीं कि उसे यह सब दिखाई नहीं देता और वह अंधा भी तो नहीं था किंतु... और इस किंतु के साथ ही उसकी आंखों के आगे थोड़े दिन पहली मिली साढ़े चार हजार पगार के रुपयों का इतिहास घूम जाता। उस में डॉक्टर माया शंकर की दवाइयों के बिलों से लेकर चाय वाले मक्खन सिंह तक की उधारी के लिए लड़ी लड़ाइयों का सारांश यही होता था कि अगले माह की मौहलत। अगली पगार पर कर्ज चुकाने के मियादी संधि प्रस्ताव।
    बच्चों के उदास चेहरे और निराशा में बुझी आंखें उस को घर में आते ही घेर लेती। इन सब से जैसे पीछे छुडाने के लिए ही वह फुर्ती से अपनी साइकिल आंगन में खड़ी करके अपने कमरे में जाते जाते कहता- ‘ना भाई ना, आज नहीं। आज तो मैं दफ्तर से सीधे ही आ गया, बाजार की तरफ गया ही नहीं...। कल जरूर लेते हुए आऊंगा।’
    ‘क्या हुआ, भूल से आए तो... कह तो रहे हैं कि कल जरूर लेते हुए आएंगे।’ उस की पत्नी हमेशा अपने निराश हुए बच्चों को भरोसा बंधाती। फिर दोनों पक्षों की में सुलह करवाती। कहती- ‘कल जरूर याद कर के ले आना। भूलना नहीं।’ और वह बोलते बोलते खुद रुआंसी-सी हो जाती। कारण साफ था कि उस से असलियत छुपी नहीं थी.. और वह कल कभी नहीं आता।
    ‘लो चलो पापा! मैं तैयार हो गई।’ लड़की उसके सामने खड़ी थी। वह जैसे नींद से जगा। उस ने सामने देखा तो वादे के अनुसार लड़की घुली फ्राक और पायजामी पहने कमर के दरवाजे के पास खड़ी थी।
    ‘अच्छा तो तुम तैयार हो।’ उसने बेमतलब का सवाल किया और मन ही मन अपनी जेब की थाह लेने लगा। एक नोट पांच सौ का और एक नोट सौ रुपये का था। उसने सोचा कि इतने काफी होंगे। डेढ़ सौ रुपये से अधिक क्या खर्च होंगे। अधिक से अधिक दो सौ रुपये। इसके आगे तो हद है।
    उस के अनुसार बच्चों के जूतों के लिए दो सौ रुपये की रकम बहुत बड़ी थी। बड़ी क्या काफी पर्याप्त भी। पर इस बड़ी रकम के कारण ही बाजार पहुंच गया और किसी रईशी ठाठ को दिखाते हुए एक जूतों की दुकान में जा कर बैठ गया।
    ‘पहले आपके दिखा दूं या बहन के?’ दुकानदार नम्र वाणी में बोला।
    ‘नहीं, नहीं... आज तो इस बहन के ही। मेरे लिए फिर कभी देखूंगा।’
    सेल्समैन ने लड़की का पैर ‘तिकठी’ पर रखा। उस के नम्बर देखे और फिर सामने के रेक से भांति भांति के जूते, चप्पले और सेंडिल निकाल निकाल कर ढेर लगाने लगा।
    उसने दो-चार जूते लड़की के पैरों में पहना पहना कर वापस निकाल दिए। फिर एक दूर रखे डिब्बे को अपनी तरफ खिसकाया और उसमें से जूते बाहर निकाल कर लड़की के पैरों में पहना दिए। ये जूते कुछ मजबूत लग रहे हैं। दूसरे जूतों की तुलना में इनका तला कुछ मोटा था और ऐड़िया तीन-चार अंगुल ऊंची। फौजी जूतों जैसी इसकी आगे की नोक गोल और मजबूत दिखती थी।
    ‘बाबू जी। आजकल बच्चों के लिए इन्हीं जूतों का फैशन कुछ अधिक है। आप तो यही लें। मुन्नी के पहने हुए अच्छे लग रहे है।’ सैल्समैन ने उसे अपनी राय दी।
    ‘हां पापा, मेरी क्लास में ऐसे जूते दो-तीन लड़कियों के भी है।’ लड़की ने सैल्समैन के सुर में राग मिलाया, और मेरी मंजूरी की आशा लिए अपने पापा की तरफ देखने लगी। लड़की के इस व्यवहार से तो जैसे सैल्समैन अपनी ड्यूटी से ऑफ हो गया। उस ने बिखरे डिब्बों को तनिक दूर सरकाया और जम कर बैठ गया।
    ‘और कुछ दिखलाऊं साहब?’ सैल्समैन जैसे जूतों की खरीद पुखता करने के लिहाज से बोला।   
    ‘नहीं, रुको। इनकी कीमत क्या है?’ उस ने सैल्समैन से पूछा और सोचने लगा कि मंहगाई और दुकानदारों की लूट के मध्यनजर दो सौ रुपये से अधिक क्या लेगा?... उस ने अंदाजा लगाया और सैल्समैन के मुख से ‘दो सौ’ सुनने की उम्मीद करने लगा।
    ‘कीमत? कीमत का क्या है साहब .... आप को क्या बतलाऊं.. बाजार में यह जोड़ी पांच सौ से कम में नहीं मिलेगी। चाहें तो आप ट्राई कर के देख लीजिए। पर आप हमारे पुराने ग्राहक हैं इसलिए आपके लिए कीमत केवल चार सौ पचास रुपये हैं। कल ही बिल्कुल नया स्टाक आया है। आप तो बेफिक्र हो कर ले जाइए। भाव में फर्क आ जाए तो मेरी गारंटी है। बस...।’
    चार सौ पचास का आंकड़ा सुनकर उस के तो मानो कान के सारे कीड़े ही झड़ गए। उसकी आंखें फटी की फटी रह गई।
    ‘चार सौ पचास के नहीं चाहिए, कुछ कम कीमत के दिखलाओ।’ उसने सामने पड़े ढेर की तरफ देखकर, लड़की की तरफ देखा। लड़की तो अपने नए जूते पहने जैसे तैयार हो कर ही बैठी थी, उसे अपने पिता के मन में चल रही द्विगुणित चिंताओं से दस वर्ष की उम्र में क्या सरोकार हो सकता था? वह मस्त और बेफिक्र बैठी थी, बैठी रही।
    लड़की को ऐसे बेफिक्र बैठे देख कर उसे गुस्सा आया। कितनी बेवकूफ लड़की है! बिना मोल-भाव किए ही जूते पहन कर ऐसे बैठी है जैसे इनकी कीमत चुका दी गई हो। किंतु नहीं बैठे तो क्या करे?.... वह बात को हजम कर गया और सैल्समैन से निगाहे बचाकर लड़की की तरफ आंखें निकालते हुए उसने जूते उतारने का इशारा किया। किंतु लड़की तो दुकान की सजावट देखने में खोयी थी। वह क्यों ऐसा ख्याल करती?
    ‘मेरी गारंटी है जी। मैं फिर कहता हूं कि इस से कम कीमत में ऐसे मजबूत जूते आप को पूरे बाजार में कहीं नहीं मिलेंगे। आप बेफिक्र होकर ले जाइए। आप को कोई शिकायत नहीं होगी। आप तो हमारे पुराने ग्राहक है, नहीं तो मैं ये जूते पचास रुपये कम करके नहीं देता।... आप कहें तो इसके साथ जुराब दिखाऊं साहब?’
    ‘नहीं भाई, नहीं। कोई दूसरे जूते दिखाइए। कम कीमत के। लड़की अभी बच्ची है। कल कहीं खो देगी।’ बात अभी पूरी मुंह से भी नहीं निकली थी कि लड़की बीच में ही बोल पड़ी- ‘नहीं पापा, मैं कहीं नहीं खूऊंगी...।’
    लड़की के इस उत्तर से उस का रहा साहा पानी भी एकदम जाता रहा। उसे ऐसा लगा जैसे उसका झूठ पकड़ा गया हो। उसे इस बात का पछतावा हुआ कि उसे कोई दूसरा बहाना गढ़ना चाहिए था। लड़की अपने पापा की इस बात पर जैसे उदास हो गई- एकदम उदास। किंतु जूते उस ने फिर भी नहीं उतारे। एक बार तो उसके जी में आया कि लड़की को झिड़क दे। साफ साफ कह दे कि अपने को नहीं लेने यह जूते। पैरों से बाहर निकाल दे। दूसरी दुकान पर चलेंगे।.... पर लड़की की उदासी और सैल्समैन के लिहाज के आगे उसकी कुछ कहने की हिम्मत जबाब दे गई।
    ‘जुराब दिखलाऊं साहब?’ सैल्समैन ने हिम्मत नहीं हारी।
    ‘नहीं रे भाई... नहीं देखने।’ वह थोड़े गुस्से में बोला और तुरंत खड़ा हो गया। उसे ऐसा लगा कि जैसे वह बैठा रह गया तो जुराबों का खर्च भी साथ चेंठ जाएगा। वह उठा तो लड़की भी उसके पीछे-पीछे धीरे से रवाना हो गई। दुकान के काउंटर पर जा कर उसने अपनी जेब से पांच सौ रुपये का नोट निकाला और दुकानदार को पकड़ा दिया। पचास रुपये वापस उसने सावधानी से जेब में रखे और वह दुकान से बाहर आ गया।
    बाजार से ले कर घर तक सड़क लोगों से भरी हुई थी। उसने घर पहुंचने तक लड़की से कुछ नहीं कहा। संयम रखा किंतु उसके साइकिल चलाने के ढंग और चढ़ी हुई त्यौरियों को देख कर कोई भी कह सकता था कि वह गुस्से में है। ऐसे में जसा-सी बात उसे भड़का सकती है।
    साइकिल के आगले चक्के में हवा बिल्कुल कम थी। सड़क के खड्डों से हिचकोले आ रहे थे और लड़की बार-बार जैसे उछल रही थी। लड़की का मुंह सुर्ख लाल हि चला था और वह बस रोने जैसी हालत में थी। उसने किसी बात की जरा भी कोई परवाह नहीं की, बस वह साइकिल तेज और तेज चलाता रहा।
    घर में प्रवेश कर जैसे ही साइकिल एक तरफ खड़ी की वैसे ही हाथ पकड़ कर लड़की को जैसे नीचे पटक गिराया। उसकी पत्नी आंगन में खड़ी इंतजार कर रही थी। वह उसे साइकिल रखने के ढंग से और लड़की की उठा-पटक की गति से ही समझ गयी कि कुछ तो हुआ जरूर है। बात को सामान्य करने की गरज से वह बाहर निकली और जबरदस्ती हंसती हुयी बोली- ‘देखें तो सही, गुड्डी कितने सुंदर जूते तू लायी है?’
    पत्नी को इस प्रकार खुशी प्रगट करते देख उसका गुस्सा और भड़का। जैसे जलते में किसी ने घास की ढेरी गिरा दी हो। लड़की अभी गुमसुम नीचे गिराई वहीं जमीन पर साइकिल के पास खड़ी थी।
    ‘लायी है मां रांड का सिर...।’ वह जोर से चीखा और फिर एक जोरदार थप्पड़ लड़की के गाल पर जड़ दिया।.... ‘पैरों में पहनने के बाद वापस उतारने का नाम ही नहीं लिया।... ’ उसने जाड़ भींची और दूसरा हाथ हवा में उछाल दिया।
००००
मूल राजस्थानी कहानी ‘बाप’ (पिता) नाम से राजस्थानी मासिक माणक के दिसम्बर 1989 अंक में प्रकाशित हुई, जिसे ‘मोहन आलोक री कहाणियां (संचै नीरज दइया)’ 2010 में में संकलित किया गया। बाजारवाद पर केंद्रित इस अनुपम कहानी में अनुवादक ने रुपयों के हलावे में एक शून्य की वृद्धि कर इसे समसामयिक बनाने का प्रयास मूल लेखक की अनुमति से किया है। 


07 जून, 2012

राजस्थानी कहानी- रजाई

कहानीकार : डॉ नृसिंह राजपुरोहित      
अनुवाद : नीरज दइया
=======================================
ठंड कड़ाके की थी। बूढ़े-बुजुर्ग कहते हैं कि ऐसी ठंड पिछले पचास वर्षों में भी नहीं पड़ी। दिन ढलते ही आकाश से जैसे ठंड टपकने लगती। पाला ही गिरता है। तेज हवाएं ऐसी चलती है कि हड्डियां कांपने लगे। ताजा अंगारे भी देखते-देखते राख की परतों में डूब कर स्वाह हो जाते हैं।
पर केवल ठंड को ही दोष क्यों दें? इस वर्ष जैसा अकाल भी कब रहा? पिछले वर्षों थोड़ी-बहुत तो बूंदे आकाश से गिरी थी लेकिन इस बार तो एक बूंद भी नहीं गिरी। पीने के पाने को भी तरस गए।
पेट का गड्डा भरने के लिए दाने नहीं और तन ढकने को साबुत कपड़े नहीं। तिस पर कोढ़ में खाज यह कि कलेजा निकालने वाली यह भयंकर ठंड। ठंडी हवाएं तीर की तरह चलती है। शरीर में घुस कर हड्डियों को हिला डालती है। बिस्तरों में सोए-सोए भी बत्तीसी बजती है।
रावतसिंह झोंपड़ी के आगे बाहरी गवाड़ में सोया था। टूटी खाट, फटा बिस्तर-कम्बल और सनसनाती सर्द हवाएं। रह रह कर कंपकंपी छूटती है। घुटनों को छाती से सटा कर जलेबी बन कर सोने की कोशिस करता है तो क्षण भर तो गरमास लगता है लेकिन अगले ही क्षण वापस वही हालत हो जाती है। सोया-सोया सोचता है कि मनुष्य जन्म लेकर व्यर्थ गंवाया। आधी उम्र ढल गई तो भी सिर डालने के लिए ठीक-सा घर नहीं बना सका। रजाई-गद्दे तो आगे कि बात पर जिंदगी बसर के लिए सर्दी निकालने जैसे गूदड़े भी बना सकता तो आत्मा को संतोष होता।
वह मन में हंसने लगा- मां का तो पता नहीं और मौसी की चाहना करता है! पेट का खड्डा तो भरा जाता ही नहीं और रजाई-गद्दे की बात सोचने चला। दो-तीन अकाल एक साथ ही आ बने। अनाज का दाना भी नहीं पक्का। घर में छोटे-बड़े आठ सदस्य। नाडी की खुदाई और सड़क का काम शुरु हो गया नहीं तो मरने की नौबत आ पहुंची थी। यह तो भगवान की महरबानी ही समझनी चाहिए कि पेट भरने का इंतजाम तो बन गया। खैर, जीएगा नर तो बसाएगा घर। सांस सांस में रहा तो ढंग का घर भी बनाएंगे और रजाई-गद्दे भी। अभी तो जान पर बनी है सो जैसे-तैसे ही दिन निकलने ही हैं। बुरा वक्त भी निकल जाएगा।
पैरों की तरफ से कम्बल फटी हुई थी सो छेद से होकर ठंड का एक ऐसा झोंका आया कि वह शरीर के चारों तरफ कम्बल लपेट कर खाट पर बैठ गया। फिर आकाश की तरफ देख कर अंदाजा लगाने लगा कि रात कितनी ओर बाकी होगी? पूर्व दिशा में देखने से भोर का तारा दिखाई दिया। रात घड़ी तीनेक बाकी। इतनी रात तो बैठे-बैठे भी बिता सकता है। वह गठरी बना बैठा रहा। थोड़ी ही देर में बैठे बैठे को ही झपकी आने लगी। …………सपनों की मधुर दुनिया सामने थी……बड़ी बहन सुगन का विवाह हो रहा है……दहेज दिया जा रहा है……वह एक एक कर दहेज का सामान बाहर ला लाकर रखे जा रहा है। सब के बाद अंत में चारपाई और रजाई-गद्दे बाहर आए। रंगीन सूत की बनी निवार से बुनी चारपाई, रंगीन ही पाए जिन पर हाथीदांत का शानदार काम, दोहरी अदांवण जिसे खींच कर एकदम टंच किया हुआ। कीमती गद्दा, सुंदर तकिए और रेसमी रजाई का तो कहना ही क्या। चटक रंगाई, पूरी लम्बाई और शानदार भराई। ताजा तली हुई पूरी जैसे फूली हुई। दहेज का सामान देखकर बाराती बखान करने लगे तो उसका सीना फूल गया। लेकिन थोड़ी ही देर में आंख खुल गई और उसकी फूली हुई छाती पिंक्चर हुए ट्यूब सी जैसी थी वैसी ही वापस बैठ गई।
वह अंगुलियों पर गिनने लगा……सतरे, अठारे, उगणीस…बीस। सुगना पूरे बीस वर्षों की हो गई। पिछले वर्ष ही उसके पीले हाथ करने थे पर एक के बाद एक अकाल के रहते बात बन नहीं पाई। ईश्वर ने अगर चाहा तो अगले वर्ष उसकी शादी जरुर करनी है। लड़की बड़ी हो जाए और उसके हाथ पीले हों जाएं तो छाती का भार उतरता है।
दिन निकलने को था। विचार आया कि घट्टी की वेला हो गई पत्नी को जगा दूं किंतु याद आया कि घर में अनाज तो कल ही खत्म हो गया था इसलिए उठेगी तो पीसेगी क्या? मजदूरी के पैसे मिले तब ही अनाज आ सकता है। परंतु बच्चों को तो भूखा रखा भी कैसे जाए? भाई-बंधु से उधार आटा लाकर इन्हें तो दाना-चुग्गा देना ही होगा। ऐसे समय बच्चे एक समय भी भूखे रह गए तो गजब हो जाएगा। दिन बीत जाएंगे और बातें रह जाएंगी।

*            *            *            *            *

दिन होते ही रावतसिंह खाट छोड़ कर धूप में आ गया। उसकी पत्नी ज्वार उधार लेने की खातिर पड़ौस में गई और बच्चे भी बाहर निकल गए। थोड़ी ही देर में गांव के किसी छोर से मोटर की आवाज सुनाई दी और गलिओं में इधर-उधर आदमी आते-जाते दिखाई दिए। इतने में ही रावतसिंह का सबसे छोटा लड़का तेजी से दौड़ता हुआ घर में आया और हांफते हुए कहने लगा, “जीसा! जीसा! चौक में चलिए!”
“क्यों बेटा! क्या बात है?”
“चौक में सेठों की एक मोटर आई है और रजाइयां-कम्बलें बांट रहे है।”
लड़के का सांस भर आया था सो थोड़ा-सा दम भर कर बोला, “जीसा! आदमी तो चौक में समाते ही नहीं, इतनी भीड़ है……कि जल्दी चलिए नहीं तो बद में कुछ हाथ नहीं आएगा। रंग-बिरंगी सुंदर रजाइयां और अलग-अलग तरह कि कम्बलें मिलेंगी और किसनिये ने तो रजाई हथिया ली……… तो चलिए हम भी जल्दी से चलें।”
“चल भाई चल!” और ठाकुर रावतसिंह घुटनों पर हाथ रख कर मुश्किल से खड़े हुए।
बच्चे पूछने लगे कि कितनी रजाइयां लाएं है?
“मोटर एकदम भर कर लाएं हैं जीसा, अलग-अलग तरह की सुंदर रजाइयां। अपने पटवारी जी जैसी ओढ़ते है वैसी।” बच्चे की आंखों में उमंग और उत्साह का सागर हिलोरे ले रहा था।
रावतसिंह अपने लड़के की अंगुली थामें बाहर की तरफ निकलने हुए इतने में पल्ले में ज्वार लिए उनकी पत्नी सामने मिल गई। कहने लगी, “एक टंक के लिए तो मैं ज्वार प्रेमजी के यहां से ले आई हूं, आप कहां जा रहे है?”
“नारायण कह रहा है कि चौक में मोटर आई है और रजाइयां-कम्बलें बांट रह हैं। मैं भी देख आता हूं।” ठाकर शर्मसार होकर बोला।
“देखना क्या है वहां?”
“देखता हूं कि कैसी रजाइयां हैं?”
“क्यों एक-दो लाने का विचार है क्या?”
“ले आएं तो हर्ज क्या है?”
“हर्ज? दान के चिथड़े लाने में आपको कोई हर्ज नहीं लगता है? कहते शर्म नहीं आती?”
“इस में लाज-शर्म की क्या बात है? पूरा गांव ही ले रहा है तो क्या हम रूपयाचंदजी है?”
“गांव की बात छोड़िए। मैं आप से पूछती हूं! आप धर्म के चिंथड़े ओढ़ कर सर्दी निकालेंगे?”
“आपतकाले मर्यादा नास्ती।”
“यह आफत पहली बार आप पर ही आई है या फिर कभी किसी पर भी आई होगी………? मारवाड की धरती पर अकाल-दुकाल तो परंपरा से साथ ही रहे हैं। सात-सात अकाल झेलने के बाद भी मनुष्यों ने पत नहीं छोड़ा। मेहनत-मजदूरी कर ली, भूखे मरना मंजूर किया पर किसी के आगे हाथ नहीं फैलाया या फिर चोरी-चकरी भी नहीं की।”
“लेकिन रजाइयां तो…………”
“फिर वापस वही बात? मैं पूछती हूं कि मेहनत-मजदूरी किस लिए करते हो? क्यों दिन भर सड़कों पर मिट्टी की कड़ाइयां उठाते हो? मुझे और बच्चों को हाथ में कटोरा भीख मांगने के लिए थमा दीजिए। पेट तो ऐसे भी भर जाएगा।”
“तुम मेरी बात को बिल्कुल नहीं समझीं।”
“क्या समझूं आपकी बात को? सूरज के उजास जैसे बात साफ है कि कोई सेठ अपनी पाप की कमाई से दान-पुन्न कर के धर्म से पाप हल्का कर रहा है और आप जैसे त्यार हैं हाथ फैलाएं। धिक्कार है आप पर। इस से तो बेहतर है कि मुंह बांध कर कहीं जा कर मर जाएं।”
“तो तुम कहती हो तो मैं नहीं जाता।”
“मैं क्या कहूं? आपको दिखाई नहीं देता भले आदमी! दुर्दिन मनुष्यों पर ही आते हैं। असली मनुष्य तो वही है जो दुर्दिन में भी अपनी मर्यादा कायम रखे। मेहनत-मजदूरी में किसी का कहना-सुनना नहीं पर भीख मांगने से तो मरना भला। हमें रजाई बनवानी है तो दो-चार सप्ताह की मजदूरी से पैसे बचा कर अवश्य बनवाएंगे। वह अपने पसीने की कमाई होगी। रावतसिंह चौकी पर चढ़ धूप में बैठ गया।

 *            *            *            *            *

सर्दियों के दिन धीरे-धीरे बीतते गए और रावतसिंह पटे हुए कम्बल में सोया ठंड से जूझता रहा। प्रत्येक सप्ताह थोड़ी-थोड़ी बचत करने से पांचवे सप्ताह इअतने पैसे एकत्र हो गए कि जिन से रजाई बन सके। पैसे पति के हाथों में देती हुई उसकी पत्नी बोली, “फेमिन कैंप की गाड़ी में बैठ कर एक दिन शहर जा कर एक सुंदर सी रजाई ले आइए।”

उस ने बाजार में चार-पांच दुकानों में घूम कर रजाइयां देखी पर एक भी पसंद नहीं आई। कही माल पुराना तो कहीं भाव बहुत ज्यादा। बात बनी नहीं। अंत में अपनी पसंद का कपड़ा और रूई ले कर रजाई तैयार करवाई। चीज तबियत से बनवाई तो चीज भी शानदार बनी। नई डिजाइन वाली चटकदार छींट, लम्बाई-चौड़ाई में भी भरपूर, गद्देदार भराई अर चतुराई से धागे डाले हुए।
घर पहुंचने पर जिसने भी रजाई देखी तारीफ की। दिन भर बच्चे कोमल-कोमल रजाई पर लौटते रहे और उस पर अपने गाल रगडते रहे। सांझ ढले रजाई रावतसिंह की खाट पर पहुंची तो उसने अपनी पत्नी को बुला कर कहा, “रजाई तो भीतर ले जाओ, इसे तुम और बच्चे ओढ़ना। मेरे तो ओढ़ने को खूब है। सर्दियां आधी तो गई समझो अब अधिक से अधिक एक महीना सर्दी ओर पड़ेगी। ……
पत्नी कुछ देर विचार कर के बोली, “रजाई यदि आप नहीं ओढ़ेंगे तो बच्चे भी नहीं ओढ़ेंगे। इसे तो सहेज कर घर में रख देते हैं। शानदार चीज है सो अगले वर्ष सुगना के दहेज में काम आ जाएगी।”
रावतसिंह खुसी में उछलते हुए बोला, “बात तो तुमने लाख रुपए की कही है। रजाई तो दहेज में दी जाए ऐसी ही है। कोई नई बोरी में डाल कर इसे भीतर रख दे और वह फटा कम्बल इधर ला दे। मैं तो सर्दियां इस में मजे से निकाल लूंगा और वह ओढ़ कर सो गया। उस रात उसे नींद इतनी शानदार आई कि दिन चढ़ने पर ही जगा।    
०००००