28 नवंबर, 2016

बईमानों पर बरसी बड़ी मार

प ईमानदार है या बईमान? ये मैं आप सरकार की पार्टी नहीं, मैं तो आपकी यानी तुम्हारी बात कर रहा हूं। कितना कठिन समय है कि मैं कहना कुछ चाहता हूं और समझा कुछ और जाता है। यहां यह भी लिखना कितना कठिन है कि आप समझते कुछ है। असल बात तो यही है कि बाप बेटे को नहीं समझता और बेटा बाप को फिर ये आप और हम-तुम है ही किस खेत की मूली। भाषा में मुहवारों का प्रयोग भी खतरनाक हो गया है। पंच काका तो लोक से जुड़े है सो बात बात में उनके लोकोक्तियां और मुहावरे स्वाभाविक रूप से आते रहते हैं पर लोग है कि कुछ का कुछ समझ लेते हैं और नाराज हो जाते हैं। मैं उन्हें मना करता हूं कि ऐसी भाषा का प्रयोग क्यों करते हैं कि किसी को नाराजगी हो। उन्होंने कहा बाप ने मारी मेढ़की और बेटा तीरंदाज। मैंने प्रसंग को तो नहीं सुना पर उन्हें यह मेरे बेटे के सामने बोलते जब सुना तो मुझे अच्छा नहीं लगा। माना कि मेरे काका है। घर के आका हैं तो क्या हुआ। क्या किसी को बस आका होने से कुछ भी करने, कहने और सुनने का अवसर मिल जाता है।
हां तो पूछना चाहता हूं कि हमारी ईमानदारी कितने प्रतिशत है? कहा जा सकता है कि हमारे देश में बस पांच फीसदी लोगों को छोड़ दिया जाए तो बाकी सारे ईमानदार हैं। आजकल ये जो काला धन वाली बेईमानी की बाते है उनकी संख्या तो पांच फीसदी से भी बहुत कम होगी। अब ठीक ठीक तो पता नहीं पर देश में जब इतने ईमानदार है तब क्या आटे में नमक की तरह यह जो बईमान और काली कमाई बाले हमारे भाई-बहन है जो खुद को हमारे भाई-बहन समझते ही नहीं। इसके भी बहुत कारण है। पहला तो ये कि ये अपनी काली-सफेद सारी कमाई विदेशी बैंकों में रखते हैं। छिपा कर रखने वाले और छिप छिप कर देश के साथ गद्दारी करने वाले ये हमारे भाई ही अधिक है। मैंने तो पहले ही कह दिया कि मतलब आप कुछ भी निकालें और भले ही किसी भाई को बुरा लगे। और हां आप यदि किसी भाई के चमचे हैं तो हुए तो भाई ही। चलिए मान लेता हूं कि आप कभी स्कूल नहीं गए और आपने कभी प्रतिज्ञा नहीं की। फिर भी जब भारत आपका देश है तो समस्त भारतीय इस नाते से भाई-बहन ही कहे जाते हैं। होने और कहे जाने के साथ माने जाने के बीच भी बहुत दूरियां है। होने को तो पंच काका सभी के काका हैं और कहे भी जाते हैं पर उनको दिल से काका मानने वाले बहुत कम है। कहते हैं मान न मान मैं तेरा मेहमान वाली बात हो गई। आप काका को भले काका नहीं माने और आका को आका। इसके कुछ फर्क नहीं पड़ता। काका तो सदा काका ही रहेंगे और आका का फैसला पांच साल में होता ही है। पंच काका कहते हैं कि अबकी बार बईमानों पर बरसी बड़ी मार। पर मुझे यह आकलन समझ में नहीं आता। अरे मारते क्यों हो वे भी तो हमारे ही भाई बंधु है। करना यह था तो फिर पूरे देश को लाइन में क्यों खड़ा कर दिया। बचपन में स्कूल में लाइन में खड़े होने वाले अब कम से कम लाइन बनाना सीख गए। कमाल यह कि इतनी लाइन पक्की बनना सीख गए हैं कि कुछ भी हो जाए फिर भी लाइन की गरिमा भंग नहीं करते। कोई मरे, खपे, लड़े, भीड़े या कुछ भी हो अपना नंबर लाइन का नहीं छोड़ना है। आप भले इसे संवेदनहीनता कहें और बड़ा शब्द काम में लेना चाहे तो अमानवीयता कह ले पर ऐसे शब्दों और कोरे भाषणों का हम पर हम असर होने ही नहीं देंगे। नोट और वोट बदलवाने के लिए क्या क्या पापड़ बेलने पड़ते हैं। पंच काका भी कमाल के हैं। वे कहते हैं कि बेरुत की दिवाली आ गई है। पूरे देश में लोग काली कमाई पर सफेद करने में जुटे हैं। पांच सौ रुपये की पेंशन पाने वाला बूढ़ा डरता है कि मेरे सात हजार बैंक में जमा करा दिए तो कहीं पेंशन बंद नहीं हो जाए।
० नीरज दइया

26 नवंबर, 2016

प्रेम का कांटा

लेखक परिचय
मधु आचार्य ‘आशावादी’
जन्म : 27 मार्च, 1960 (विश्व रंगमंच दिवस)
शिक्षा : एम. ए. (राजनीति विज्ञान), एलएल.बी.
सृजन : 1990 से हिंदी और राजस्थानी की विविध विधाओं में निरंतर लेखन। ‘स्वतंत्रता आंदोलन में बीकानेर का योगदान’ विषय पर शोध।
प्रकाशन : राजस्थानी साहित्य : ‘अंतस उजास’ (नाटक), ‘गवाड़’, ‘अवधूत’, ‘आडा-तिरछा लोग’ (उपन्यास) ‘ऊग्यो चांद ढळ्यो जद सूरज’, ‘आंख्यां मांय सुपनो’ (कहाणी-संग्रह), ‘अमर उडीक’ (कविता-संग्रह), ‘सबद साख’ (राजस्थानी विविधा) का शिक्षा विभाग, राजस्थान के लिए संपादन।
हिन्दी साहित्य : ‘हे मनु!’, ‘खारा पानी’, ‘मेरा शहर’, ‘इन्सानों की मंडी’, ‘@24 घंटे’, ‘अपने हिस्से का रिश्ता’ (उपन्यास), ‘सवालों में जिंदगी’, ‘अघोरी’, ‘सुन पगली’, ‘अनछुआ अहसास और अन्य काहनियां’ (कहानी-संग्रह), ‘चेहरे से परे’, ‘अनंत इच्छाएं’, ‘मत छीनो आकाश’, ‘आकाश के पार’, ‘नेह से नेह तक’, ‘देह नहीं जिंदगी’ (कविता-संग्रह), ‘रास्ते हैं, चलें तो सही’ (प्रेरक निबंध), ‘रंगकर्मी रणवीर सिंह’ (मोनोग्राफ) अपना होता सपना (बाल उपन्यास)
पुरस्कार : उपन्यास ‘गवाड़’ पर राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, बीकानेर का ‘मुरलीधर व्यास राजस्थानी कथा-पुरस्कार’, राजस्थान संगीत नाटक अकादमी, जोधपुर द्वारा ‘राज्य स्तरीय नाट्य निर्देशक अवार्ड’, ‘शंभू-शेखर सक्सेना विशिष्ट पत्राकारिता पुरस्कार’
अन्य : साहित्य अकादेमी, नई दिल्ली के राजस्थानी भाषा परामर्श मंडल के सदस्य, लगभग 75 नाटकों का निर्देशन और 200 से अधिक नाटकों में अभिनय, कुछ रचनाएं अन्य भारतीय भासाओं में अनूदित-प्रकाशित। विश्वविद्यालयों द्वारा रचनाओं पर शोध-कार्य।
स्थाई संपर्क : कलकत्तिया भवन, आचार्यां का चौक, बीकानेर (राजस्थान)
ई मेल : ashawaadi@gmail.com  /  मो. 9672869385
--------------------------
राजस्थानी कहानी
प्रेम का कांटा
मूल : मधु आचार्य ‘आशावादी’ ० अनुवाद : नीरज दइया
    बचपन से ही उसे घर में सारी सुविधाएं मिल गई। इसलिए मंजू उम्र से पहले ही व्यस्क हो गई। घर में ए.सी. था, एल.ई.डी. था, हाथ में स्मार्ट फोन था और कहीं आने-जाने की आजादी के साथ स्कूटी थी। ये सभी चीजें कुछ उम्र लेने पर किसी को मिला करती है, परंतु मंजू को तो समझ पकड़ते ही सब कुच मिल गया था।
    घर में किसी भी काम-काज के लिए नौकर थे, इसलिए कुछ काम तो उसे करना ही नहीं पड़ता था। मुह से बाहर आए शब्दों के साथ ही सब कुछ हाजिर हो जाता। समय ही समय था। हाथों में स्मार्ट फोन था इसलिए जैसा मन करता, वही करती। नई तकनीक और फोन ने तो दुनिया को मुट्ठी में ला दिया।
    घर बैठे पूरे संसार का भ्रमण, चाहे विदेश जाओ। कई भांति के तरीके हैं जिस से दूर बैठों को नजदीक देखो। आमने-सामने बात कर लो। एक दूसरे की तश्वीरें देख लो। चैटिंग कर लो। फेसबुक जैसा साधन है, जिसे चाहो दोस्त बनाओ और बातें करो। इंटरनेट ने दुनिया की सारी दूरियां तो पाट ही दी। फेसबुक तो लिखने और लिखे हुए पर कुछ कहने का बड़ा साधन बन गया। मंजू भी फेसबुक का बहुत उपयोग करती। उसकी फ्रेंडलिस्ट बहुत लंबी थी। उसी में वह दिन-रात लगी रहती।
    मां रोटी खाने के किए आवाजे लगाती रहती, तो मंजू कहा करती- मां, अभी मेरी अमेरिका की सहेली से बात चल रही है। यह पूरी हो जाए तो आती हूं।
    - तुमने तुम्हारी उस सहेली को देखा है क्या?
    - मां, फोटो लगी हुई है ना।
    - उसके बारे में जानती है क्या?
    - जानने की क्या जरूरत है। अपने को तो बातें करनी हैं।
    - बिना पहचाने कोई किसी का दोस्त कैसे हो सकता है।
    - मां, अब जमाना बदल गया है।
    - क्या बदल गया।
    - इंटरनेट से तो लोग व्यापार चलाते हैं और इस से बड़े-बड़े दूसरे काम भी करते हैं।
    - मुझे भी बता तो सही कि क्या क्या काम करते हैं।
    - अरे मां, तुम नासमझ हो। तुमको कुछ समझ नहीं आता।
    - मुझे समझ नहीं आता तभी तो तुझ से कह रही हूं कि तू समझा।
    - देख मां, पहले नेता चुनाव के समय वोट मांगने घर-घर जाया करते थे। पर अब तो एक साथ सभी वोटरों से वर्ता कर लेते हैं। पान की दुकान हो, चाय की दुकान हो या गांव की चौपाल, दूर बैठे उन से सीधी बात कर लेते हैं नेता।
    - हां, मैंने अखबार में पढ़ा तो था।
    - यह सच्ची बात है मां ! देख लो लोगों ने इसी इंटरनेट के बल पर सरकारें उखाड़ दी और खुद कुर्सी पर बैठ गए। चारों तरफ इसी इंटरनेट का जोर है, तुमको पता है क्या?
    - किस बात का।
    - एक सरकार तो इसलिए बन गई कि उसने सत्ता में आते ही सभी जगह इंटरनेट फ्री कर देने का कहा। लड़के-लड़कियां पीछे पड़ गए और उस पार्टी की सरकार बनवा दी।   
    - मेरी बिटिया, इस तुम्हारे इंटरनेट से सारी चीजें दूर से देखते हैं। एक न एक दिन तो उनकी पोल खुलती ही है।
    - फिर चाहे पोल खुलो, पर एक बार तो सत्ता में आ गए ना।
    - मुझे तो तुम्हारी बातें पसंद नहीं आती। तुम्हारे इस नेट को छोड़ और पहले खाना खा ले। खाना खा कर फिर से चला लेना। यह कहीं जा थोड़ी ही रहा है।
    - हां, यह बात तुम्हारी ठीक है। चलो, खाना खाते हैं।
    मंजू उठ कर मां के साथ रसोईघर में आ गई। खाना खाने बैठी। पापा भी आ गए थे। वे भी खाना खाने बैठ गए। मां ने खाना खाते खाते फिर बात चालू की।
    - यह तुम्हारी बेटी तो सभी काम नेट से करती है। पूरा दिन उसी से चिपकी रहती है।
    - आजकल इसी का चलन है। यह क्या गलत करती है।
    - अरे नेट पर सब कुछ अच्छा ही नहीं होता। यह भी तो लोग कहते हैं।
    - जो नेट चलता है उसको अच्छे-बुरे का ज्ञान होता है।
    - छोड़ो तब तो आपकी सह हो गई इसे। चलाना बेटी, मर्जी है तुम्हारी और तुम्हारे पापा की।
    पिता-पुत्री ने खाना खाया और अपने-अपने कमरे में आ गए। मां नेट को लेकर बड़-बड़ करती रही, पर दोनों पर कुछ असर नहीं था।

X    X    X     X

    उस दिन मंजू के इनबॉक्स में एक मैसेज था। उस में किसी लड़के ने उसे फ्रेंड रिक्वेक्ट मंजूर करने का लिखा था। मंजू ने उसकी प्रोफाइल खोल कर देखी। वह जवान था और फोटो में सुंदर दिखाई देता था। उस की टाइम लाइन पर या तो कविताएं थी या फिर भगवान के चित्रों के साथ भक्ति की पंक्तियां। किसी प्रकार की बुरी पोस्ट तो एक भी नहीं थी। मंजू को लगा कि इसे मित्र बनाने में ना नहीं करनी चाहिए। ठीक ही दिखाई देता है। उस की फ्रेंड रिक्वेट उसने एक्सेप्ट कर ली।
    बस, बन गए दोनों दोस्त। उसने बहुत ही सुंदर शब्दों में हाथोहाथ मंजू का आभार प्रदर्शित किया। उसका नाम अरुण था। फिर तो रोजाना कविता की पंक्तियां डालनी आरंभ कर दी। टाइम जब भी मिलता चैटिंग चालू कर देते। उसने बताया कि वह इंजीनियर है और एक कंपनी में काम करता है। घर में माता-पिता और दो बहने हैं, जिन का विवाह कर दिया। खुद ने अभी तक विवाह नहीं किया है।
    अरुण ने जब इतना बताया तो मंजू ने भी अपने घर के बारे में सब बातें बता दी। यह भी बता दिया कि वह करोड़पति पिता की इकलौती संतान है और घर में किसी चीज की कमी नहीं है, उसके पूछने पर यह भी बता दिया कि अभी तक ना तो मेरा विवाह हुआ है और ना सगाई।
    अरुण दूसरे शहर में रहता था। अब तो दिन में कई बार अरुण और मंजू चैटिंग करने लगे। बहुत बातें होने से दोनों नजदीक आते हैं, यह तो स्वभाविक ही है। अब दोनों ने आपस में ‘जी’ लगाना छोड़ कर मन लगा लिया। नाम से ही एक दूजे को लिखने लगे। दिन-भर की हर बात एक दूसरे को बताते रहते और यह भी कि बताते कि अभी कहां हैं।
    इंटरनेट ने उन दोनों के बीच की सारी दूरियों को कम कर दिया। अब तो रात को भी लंबी-लंबी चैटिंग होने लगी। दोस्ती की बातें प्रेम में बदलने लगी। आरंभ में तो दोनों डरते रहे, पर उम्र के असर के चलते एक दिन मंजू ने हां कह दिया। अब तो आपस में बहुत बातें होने लगी और बातें प्रेम की ही होती। दोनों आपस में वे बातें भी करने लगे जिनसे लोग बचा करते हैं। यह भी तय कर लिया कि यदि घर वाले नहीं मानेगे तो भाग कर विवाह कर लेंगे। मंजू में अब बदलाव आने लगा था, जो उसकी मां को तो साफ दिखाई देता था।
    एक दिन मंजू ने अपनी मां के सामने अरुण की बात की और कह दिया कि मैं शादी उसी से करूंगी। मां ने मंजू के पापा के सामने यह बात तो उन्हें धक्का लगा। इंटरनेट की दुनिया से खोजा गए दुल्हे की बात हलक से नहीं उतरी।
    माता-पिता ने मंजू को बहुत समझाने की कोशिश की, पर वह तो टस से मस नहीं हुई। कह दिया कि आप हंसी-खुशी शादी कर दें तो ठीक है, नहीं तो हम दोनों अपने आप ही शादी कर लेंगे। मां का मानना था यह सब इंटरनेट के कारण ही हुआ है। इसे बंद करवाएं। पर बेटी की जिद के सामने अड़ना पिता के भी बस की बात नहीं रही।

X    X    X     X

    विवाह के इस झगड़े में कई दिन निकल गए। मंजू और अरुण की रोजाना बातें होती थीं। मंजू ने एक दिन उसे अपने शहर में आने का कहा। पहले तो उसने ना कह दिया लेकिन फिर आने के लिए राजी हो गया। मंजू उसके शहर नहीं जा सकती थी।
    आमने-सामने तो अब तक कभी वे नहीं हुए थे। इसलिए ही मंजू ने ऐसा कहा था। दिन तय हो गया और अरुण ने आने का कह दिया। दोनों मन खोल कर मिले। शादी की बात हुई और तय कर लिया कि घर वाले यदि नहीं मनते हैं तो हम अपने निर्णय पर अटल रहेंगे।
    शादी कब करेंगे इस विषय पर बातें हुई। मंजू ने तो उसी दिन साथ चलने की बात कर ली थी। अरुण ने बताया हुआ था कि उसने घरवालों से बात कर रखी है उन्हें कोई ऐतराज नहीं है। मंजू ने कहा कि बस मुझे तो तुम्हारे घर में ही रहना है। यहां से चलें। नहीं तो घरवाले हमें एक नहीं होने देंगे।
    अरुण ने यह नहीं सोचा था कि मंजू तुरंत ही साथ चलने का कह देगी। वह कुछ असमंजस में पड़ गया। मंजू अपने मां-पापा की बात जानती थी। चाहे वे शादी के लिए हां नहीं कर रहे हो, पर मंजू उनकी इकलौती बेटी थी, इसलिए उसकी बात टालने की हिम्मत उनमें नहीं थी।
    मंजू ने देखा कि अरुण कुछ डर रहा है तो उसने अपने घर चलने का कह दिया। पर अरुण को यह भी ठीक नहीं लगा। उसने बातों में उसे राजी किया और एक महीने के बाद शादी करने की हां कर दी। साथ में यह भी कह दिया कि अगर घरवाले नहीं मानेंगे तो हम खुद शादी कर लेंगे।
    अरुण ने जाते-जाते मंजू को कल की फेसबुक पोस्ट देखने का कहा। मंजू ने कहा कि मैं तो हमेशा ही देखती हूं। पर उसने अखरा कर फिर कहा कि कल जरूर देखना। कसमें खा कर दोनों एक दूसरे से जुदा हुए। अरुण अपने शहर वापिस चल गया। मंजू खुशी-खुशी घर लौट आई। एक महीने की ही तो बात है। यह समय भी जल्दी-जल्दी बीत जाएगा।
    उस दिन वह मां से नहीं झगड़ी। हंसती रही। मां को भी यह बात कुछ अजीब लगी, पर उससे कुछ नहीं पूछा। रात को सोने गई तो सुबह का इंतजार था। अरुण कह गया था कि फेसबुक की पोस्ट देखनी है। मंजू ने सोचा कि वह कोई कविता लिखेगा।
    आज उसे अरुण से चैटिंग करनी थी पर वह एक बार भी ऑनलाइन नहीं आया। फोन मिलाया तो स्विच ऑफ था। पर इस बात को मंजू ने गंभीरता से नहीं लिया। उसे तो सुबह की पोस्ट और एक महीने का इंतजार था। इसी में खोई रही वह।
    सुबह मंजू की आंख जल्दी खुल गई। चाय भी नहीं पी। उसे अरुण की बात याद थी। इसलिए सबसे पहले फेसबुक खोली और उस की प्रोफाइल पर गई। देख कर चक्कर आ गया।
    अरुण ने अपनी पत्नी और दो लड़कों का चित्र डाल रखा था। लिखा हुआ था कि आज मेरी बारहवीं एनीवर्सी है। मंजू को यकीन नहीं हुआ। फिर फिर देखा। फोन लगाया तो स्विच ऑफ था। उस की निगाह प्रोफाइल पर गई तो प्रोफाइल की बातें भी बदली हुई थी। खुद को ‘मैरिड’ बताया हुआ था और पत्नी का नाम गीता लिख रखा था।
    इंटरनेट से बने हुए सारे सपने टूट गए। सच सामने आ गया। मंजू ने सब से पहले तो अरुण को ‘अनफ्रेंड किया। मोबाइल में से उसके नंबर निकाले और ‘रिजेक्ट लिस्ट’ में डाल दिए। फिर उठ कर खुद ही चाय पीने गई।
    वहां मां-पापा दोनों बैठे थे। चाय ली और सामने बैठ गई।
    - पापा, यह स्मार्ट फोन रखिए। मुझे अब फोन नहीं रखना। और घर का इंटरनेट कनेक्शन भी कटवा देना।
    दोनों चक्करा गए, यकायक यह क्या हुआ, कुछ मालूम नहीं चला। मंजू उठी और चलते-चलते बोली- आप जहां कहेंगे वहां शादी करूंगी। बस मेरी एक प्रार्थना है कि मुझे उम्रभर फोन मत देना। यदि फोन दें तो इंटरनेट मत देना।
    पिता बात समझ गए।
    - बेटा, इंटरनेट खराब नहीं है। पर इंसानी रिश्तों में केवल इसी से काम नहीं चलता। इस के लिए तो सभी कुछ देखना होता है। इसे केवल जानकारी के लिए काम में लेंवे तो कोई खराबी नहीं है। तुम यह फोन रखो और इंटरनेट भी रहेगा। बस तुम इसे रिश्तों का नहीं, बस जानकारी का साधन समझना शुरू कर दो।
    मंजू ने निगाहें झुका ली। फोन उठाया और धीमें कदमों से अपने कमरे की तरफ चल दी।
००००००
अनुवाद : डॉ. नीरज दइया
  

25 नवंबर, 2016

काला धन देस में पकड़ा

जकल दिन-रात हमें बस हमारे पंच काका की चिंता है। भाग-दौड़ इतनी है कि पता ही नहीं चलता कब दिन निकला, कब रात हुई। जनाब समय का कुछ पता ही नहीं चलता। कब दिन निकलता है और कब रात हो जाती है। समय ने ऐसी करवट ली है। हम खुद को बंद कमरों में बंद किए बैठे हैं। हमें कुछ होश नहीं है। पहले भी हमारे होश उडे हुए थे। पर अब जैसा हाल बेहाल नहीं था। अब माजरा यह कि पांच सौ-हजार के नोटों ने होश उडा दिए हैं। पहले इसको जमा करने में सब कुछ खो दिया। अब चारों तरफ ऐसी हवा चली कि बाहर मुंह निकालते ही बेहोश होने का डर है। थोड़े से नोट क्या जमा कर लिए, लगता है कि अब गिरे.... अब गिरे। माननीय ने एक ही झटके में ऐसा गिराया है कि जैसे अब उठने की हिम्मत जाती रही। देखो जिसे घाव कुरेदने को आमादा है। नोटों की ही बात कर रहा है। सुन-सुन के कान पक गए। देश में चर्चा के सारे मुद्दे धरे रह गए हैं। भूला दिए गए हैं सारे मुद्दे। बस एक ही रट है। और इस नए नोटों के गीत में देश खो गया है। हर कोई एक ही गीत गा रहा है। सरकार ने पूरे देश को गाने के लिए एक नया राग दे दिया है। नोटों का गीत आज घर-घर में गाया जा रहा है। अब इसे आप सुख कहें या दुख। यह सच्चाई है कि सारे पिछले सुख-दुख हवा हो गए हैं। कोई पिछली बातें नहीं करता। जैसे सारी समस्याएं इस नोट-पुराण ने हजम कर ली हैं।
काका तो नोटों की बातें सुनते ही जैसे आपा खो बैठते हैं। उनका खून खौलता है। वे कहते हैं कि अरे पैसा जोड़ने के लिए दिन-रात एक किया। तब कहीं जाकर दो पैसे जमा हुए। अब किसे कहें और कौन सुनेगा कि बरसों अपना खून जलाया, तब कहीं जा कर ये दो पैसे हाथ आए हैं। हमने रख छोड़े कि बाज जरूरत काम आएंगे। अब काम क्या खाख आएंगे। उनका मानना है कि कोई ऐसे कैसे कह सकता है कि ये नोट नहीं चलेंगे। आपने दिए, तब चलते थे। अब क्या हो गया। पंच काका को दिन-रात चक्कर आते हैं। निवाला हलक से नीचे नहीं उतरता। ना भूख लगती है ना प्यास। बेचैन रहते हैं। ऐसे में दिन क्या और रात क्या। हमारे तो दिन-रात एक जैसे हो गए हैं। चारों तरफ अंधेरा ही अंधेरा छा गया है। क्या पता कौन कब-कहां आकर पकड़ लेगा। न जाने ये क्या चक्कर चला है। पंच काका के साथ हमारी भी शामत पक्की है।
पहले सुना करते थे कि विदेशों में काला धन जमा है। कला धन देश में लाएंगे। अब काला-काला करते ये बड़ा खेल घर में ही कर दिया है। अब तो रंगीला देश बदरंग-सा लगता है। ये काला धन क्या निकालने लगे कि लगने लगा है कि सब रंग बेरंग हो गए हैं। काला धन अब विदेशों से लाने की जरूरत ही नहीं रही, देश में ही खूब मिल गया। पंच काका का मानना है कि धन तो धन होता है। उसका काहे का काला और गोरा। सच्चाई यह है कि कोई धन आपके सामने रख दिया जाए तो एक जैसा ही लगेगा। फिर आप काहे काला-सफेद बोलते हैं। बात तो बस इतनी-सी है कि ऐसा धन जिस पर आयकर लगता है और वैसा धन जिस पर आयकार नहीं लगाता। फिर ऐसा का वैसा और वैसे का ऐसा कर देने से क्या पूरा देश बेरंग नहीं हो जाएगा। जिसे देखो डरा हुआ है। पूरा माजरा ही बेरंग हो गया है। बड़े नोटों के हाथ लगाते ही डर लगता है। चवन्नी-अठन्नी देख कर खुशी मिलती है। अब औकात चवन्नी जैसी कर दी। फिर बातें भी ऐसी ही चवन्नी छाप। जेब कितनी ही भरी हो, लगता है- खाली है। काला यानी ब्लेक, वाइट का अपोजिट। ब्लेक मनी के चक्कर मेम दिन भी अब वाइट नहीं रहा। सब कुछ फीका-फीका लगता है। माना देश तो सोने की चिड़िया था और फिर से बन जाएगा पर क्या हम सभी को फिर से बंदर बनना होगा।

० नीरज दइया 

 

21 नवंबर, 2016

पाई-पाई का हिसाब

पंच काका ने मुझे से पूछा- तुम्हें पता है पाई का मतलब? मैं सिर हिलाकर पूछा- आप कौनसी पाई की बात कर रहे हो? क्या आर्यभट्ट वाली पाई, जिसका मान बाइस बट्टा सात होता है। काका बोले- नहीं मैं तो उस पाई की बात कर रहा हूं जो मुझे बचपन में मेरे दादाजी दिया करते थे। तुम लोग क्या जानो उस समय हम क्या का क्या कर देते थे एक पाई में। इतना सुन मैं बीच में बोल- हां समझ गया, बापू जब इंग्लैण्ड गए थे तब वहां वे पाई-पाई का हिसाब रखते थे। मैंने ना तो बापू वाली पाई कभी देखी है और ना ही आपने आप वाली दिखाई है। मैं तो गणित का विद्यार्थी रहा हूं और बस इतना जानता हूं कि ज्यामिती में किसी वृत्त की परिधि की लंबाई और व्यास की लंबाई के अनुपात को पाई कहते हैं।
पंच चाचा तुनक गए। बोले- आग लगे इस ‘गणित’ को। यह गणित ही है जो बेड़ा गर्क कर देती है। सबकी पोल खोलने वाली गणित को मैं पसंद नहीं करता। अब सुन हमारे पीएम माननीय नरेंद्र मोदीजी ने महाराष्ट्र के सिंधखेड़ा में कह तो दिया है कि साठ महीने की पाई-पाई का हिसाब दूंगा। पर देंगे कैसे? इतना बड़ा देश और हिसाब भी इतना बड़ा। भला किसी से हो सकता है क्या? चाचा कुछ आगे कहते, मुझे बीच में बोलना पड़ा- देखिए चाचाजी, मैं आपसे साफ-साफ शब्दों में कहे देता हूं कि मैं ऐसी-वैसी कोई बात नहीं करना चाहता, जिस पर बाद में कोई बखेड़ा हो। कोई क्या करता है और क्या कहता है, उस से मुझे तनिक भी मतलब नहीं है। मैं तो बस अपने काम को देखूंगा कि मैं क्या करता हूं, क्या कर सकता हूं। आजकल कुछ भी कहना खतरनाक है। मैं तो इसी हिसाब में फसा रहता हूं कि क्या कुछ बोलना ठीक है। डर लगता है कि कहीं कुछ गलत बोल गया तो कौन-सी का कब-कहां आ कर कोई हिसाब मांग ले। मैं भला और मेरी चुप्पी भली। हम देशवासियों पर बहुत से नियम लगते हैं। हम नियमों के जाल में फसे हुए हैं।
पंच चाचा मुस्कुराए और बोले- यह तो बहुत समझदारी दिखाई तुमने। तुम सोचते बहुत अच्छा हो, ऐसा सोचते रहो। सोचने-समझने पर कभी कोई पाबंदी नहीं लगा सकता है। मैंने खुश हो कर सहमति में सिर हिलाया तो वे बोले- सुनो! देश में इतनी उथल-पुथल हो रही है और तुम जो अपने आप को बुद्धिजीवी कहे या पढ़-लिखे लोग, कहें जिन्हें लोकतंत्र पर भरोसा है। तुम्हारा-हमारा वर्ग बड़ा शक्तिशाली माना जाता है। पर क्या करें तुमने तो चुप बैठने का निर्णय ले लिया है। पंच चाचा ने गहरी मार कर दी तो मुझे मजबूरी में फिर बोलना पड़ा- देखिए, आप समझते नहीं। मैंने आपसे जो कहना था कह दिया और पूरे सोच-विचार के बाद ही जो कुछ कहा है.... ठीक कहा है। मुझे अपनी जिंदगी बसर करनी है और काम-धंधा करना है। घर-परिवार और बच्चों की सरी जिम्मेदारियां अभी सामने पड़ी है। आप तो अपनी पारी खेल चुके हैं। इसलिए मैं झमेलों में पड़ना ही नहीं चाहता। मुझे माफ कर दीजिए।
पंच चाचा बोले- मैं तो माफ कर दूंगा पर यह देश और जनता कभी किसी को माफ नहीं करती। इस देश का कर्ज है हमारे ऊपर। तुझे पता है कि नहीं अभी एक रिपोर्ट आई है जिसमें कहा गया कि उत्तर प्रदेश की समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायमसिंह यादव का संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ विकास के मामले में लगातार पिछड़ता जा रहा है। इसके साथ ही गणित यह भी सामने है कि हमारे माननीय प्रधानमंत्रीजी का संसदीय क्षेत्र वाराणसी और विपक्षी दल कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधीजी का अमेठी भी पिछड़ता जा रहा है। ये पाई-पाई का हिसाब तो सभी को करना चाहिए। बहुत अच्छी बात है, पर क्या सबसे पहले सभी को अपनों-अपनों का हिसाब भी तो मिला लेना चाहिए। जहां से हम आगे बढ़ते हैं, उनका भी बड़ा ऋण होता है।

17 नवंबर, 2016

नमक नमकीन हो गया

फवाह का क्या, कुछ भी फैल सकती है। इसके कई कारण हैं। प्रमुख तो यह कि ‘अफवाह’ उड़ती या उड़ाई जाती है। उड़ने वालों की गति चलने वालों से सदैव अधिक होती है। हमारे देश में बड़ी समस्या जनसंख्या और बेरोजगारी का कोढ़ है। जनता-जनार्दन में निठल्ले लोग हैं, जिनके पास कोई काम-धंधा नहीं। वे बस सोचते हैं। सोचना हर नागरिक का जन्मसिद्ध अधिकार है। सोचने और बिना सोचे बोलने का क्या है, कुछ भी सोचा और बका जा सकता है। दिमाग का दोष है वह कहीं का कहीं चला जाता है। सोचने पर तो पाबंद नहीं लग सकती। बोलने पर पाबंदी लगाई जा सकती है। कोई जैसा जी में आए अंट-संट ऐसे कैसे बोल सकता है। नियम-कानून नहीं है क्या? सब के होते हुए भी यह खतरा उठाने वाले बहुत हैं। कुछ का कुछ बोलते हैं और न जाने कहां खिसक जाते हैं।
नियम कानून मुझ पर लगते हैं और मैं अपनी जिम्मेदारी समझता हूं। पर जनाब, भारत मेरा देश है और समस्त भारतीय मेरे भाई-बहनों में से बहुत बिगड़े हुए भाई-बहन भी है। कहीं भी कुछ का कुछ बोल देते हैं। आपको और हम को पता नहीं चल सकता कि हमारे किस भाई अथवा बहन ने यह करतूत की है। दूर क्यों जाएं, अब नमक की ही बात लें। मान लिया कि बाद में पता चल गया कि अफवाह थी। दाम में इतना हेर-फेर नहीं हो सकता। फिर भी कुछ घंटों के लिए तो पूरे देश को नमकीन कर दिया। न मालूम इस थोड़े से समय में कितनों की जिंदाबाद और मुर्दाबाद हो गई।
मेरी घरवाली को मैं बस-स्टैंड छोड़ के आ रहा था कि बीच राह फोन आया। फोन पर और वैसे भी वह कैसा भी बोलती हो, पर मैं यही कहूंगा कि उसकी मधुर वाणी से मुझे सुनने को मिला कि घर जाते समय पांच थेली नमक खरीद के ले जाना। मैंने मन की बात उसे कह दी कि कल ही तो नमक मंगवाया था। एक थेली घर में रखी है। वह बोली- आज का अखबार पढ़ा क्या? उसके ऐसे फालतू सबालों से मैं परेशान हूं। वह जानती है कि मैंने नहीं पढ़ा, फिर ऐसा सवाल क्यों जिसका जबाब पता हो। मैंने हार मान कह दिया- ठीक है घर जाते हुए दस थेली नमक ले जाऊंगा और नमक का हलवा बना कर खा लूंगा। अब वह नरम होती बोली- तुम तो नाराज हो जाते हो। आज के अखबार में छपा है कि नमक पांच सौ रुपये किलो हो गया है। इसलिए स्टोक करना जरूरी है। देखना हमें बहुत फायदा हो जाएगा। मैं फायदे में विश्वास करता हूं. मैंने तुरंत कहा ‘ठीक है’ और फोन काट दिया। मैं ऐसे फायदे में विश्वास रखता हूं।
मैं रास्ते में सोचने- आजकल लोग नमक का महत्त्व समझते ही नहीं। नमक खा कर देश का और गद्दारी करते हैं। पहले नमक का कितना मान-सम्मान था, हो सकता हो उसी मान सम्मान को लौटाने के लिए भाव बढ़ाए हों। खैर मेरी समझदारी कि घर के पास वाली दुकान से पांच थेली नमक खरीद लिया। पर यह क्या कुछ ही देर में उस दुकान का लड़का मेरे घर आ पहुंचा। कहने लगा- चाचाजी, नमक के दो हजार रुपये मंगवा रहे हैं। मैं चौंक पड़ा, यह कैसा हिसाब है? क्यों दो हजार क्यों? गुस्से में यह सवाल मुंह से निकल पड़ा। वह दयनीय स्वर में बोला- चाचाजी कह रहें है कि पंच चाचा का भतीजा बड़ा उस्ताद निकला। नमक के भाव बढ़ गए और वह पुरानी रेट में सुबह-सुबह नमक खरीद कर चपत मार गया। मैं अब भला बच्चे से क्या लड़ाई करता। उसे हजार-हजार के दो नोट पकड़ाने लगा, तो वह मुस्कुराया और बोला- मुझे भी उल्लू बनाना चाहते हैं, ये नहीं चलेंगे। मरता मैं क्या न करता, घर के भीतर गया और वे नमक की थेलियां उठाया लाया। उसे पकड़ाते हुए बोला- “बोलना छुट्टे नहीं है, होंगे तब खरीद लेंगे।’